स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई तय : नगर आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई तय : नगर आयुक्त


कानपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां-जहां कमियां पाई गई हैं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और तय समय में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। यह बातें गुरुवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कही।

नगर आयुक्त ने आज स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान जेके मंदिर के पास जगह-जगह कूड़े के ढेर पाए गए, जिस पर तत्काल उठान के निर्देश दिए गए। वहीं जेके मंदिर मार्ग से मरियमपुर चौराहे तक आंधी-बारिश से क्षतिग्रस्त पेड़ों की कटिंग हटाने का कार्य जारी मिला। चैन फैक्ट्री चौराहे पर एक बड़ा पेड़ गिरा हुआ मिला, जिसे किनारे कर यातायात बहाल किया गया था, लेकिन उसकी कटिंग हटाने के निर्देश दिए गए। मरियमपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी पेड़ों की कटिंग अधिक मात्रा में पाई गई, जिस पर अतिरिक्त टीमें लगाने को कहा गया।

वार्ड-69 सरोजनी नगर में फुटपाथ और नालों पर अतिक्रमण की शिकायत मिली, जिस पर नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। हेमू कल्याणी पार्क में पाथवे क्षतिग्रस्त, फाउंटेन खराब और सफाई व्यवस्था कमजोर पाई गई, जिसे दुरुस्त करने के आदेश दिए गए। सिन्धी कॉलोनी में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण संतोषजनक पाया गया और लोगों ने सफाई व्यवस्था की सराहना की। वहीं फजलगंज क्षेत्र में सीएंडडी वेस्ट और सामुदायिक शौचालय में खामियां मिलने पर सम्बंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में सुधार के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story