सामाजिक सौहार्द और माहौल बिगाड़ने वाले पर होगी कड़ी कार्रवाई: डीसीपी

WhatsApp Channel Join Now
सामाजिक सौहार्द और माहौल बिगाड़ने वाले पर होगी कड़ी कार्रवाई: डीसीपी


कानपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में शुक्रवार काे जुमे की नमाज को लेकर थाना नौबस्ता क्षेत्र में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रही। सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में अतिरिक्त निरीक्षक सहित पर्याप्त पुलिस बल की तैनात रहे। अधिकारियों ने संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दाैरान प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संभावित संवेदनशील बिंदुओं पर पिकेट ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि नौबस्ता मछरिया क्षेत्र स्थित नमाज स्थल का जायजा लिया गया। नमाज के समय भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। रमजान माह में जुमे की नमाज के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियाें ने स्थानीय नागरिकों और धर्मगुरुओं से संवाद कर सभी त्योहारों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।यह भी कहा कि पुलिस हर हाल में शांति बनाए रखने के लिए आपके क्षेत्र में मुस्तैद हैं, जनता पुलिस का पूरा सहयाेग करें। -----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story