महोबा की दलित छात्रा मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो : पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
महोबा की दलित छात्रा मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो : पवन गुप्ता


कानपुर, 25 मई (हि.स.)। महोबा में नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा के अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय उत्पीड़न की घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ बढ़ रहे अपराध कानून व्यवस्था की विफलता को दर्शाते हैं। कांग्रेस पार्टी पीड़िता और उसके परिवार के साथ खड़ी है तथा दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा।

यह बातें सोमवार को कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं। कांग्रेस नेता कार्यकर्ताओं के साथ महोबा की घटना के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे, जहां राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसीएम-7 राम शंकर के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में सभी आरोपिताें की तत्काल गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की मांग की । कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा उचित आर्थिक सहायता और नि:शुल्क उपचार दिया जाए। साथ ही प्रदेश सरकार से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाने की मांग की गई।

इस दौरान नरेश चंद्र त्रिपाठी, राजेश गौतम, प्रतिभा अटल पाल, इखलाख अहमद डेविड, रमाकांत मिश्रा, अवनीश सलूजा, धवल पांडे, राकेश साहू, शीलू श्रीवास्तव, पदम मोहन मिश्रा, आसिफ इकबाल, जावेद उस्मानी, इस्लाम सिद्दीकी, धर्मेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, सुरेंद्र भदौरिया और मनोज दुबे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story