लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश : नगर आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश : नगर आयुक्त


कानपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। बारिश के मौसम में जलभराव और गंदगी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह बातें बुधवार को जोन-एक के विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लेने के दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहीं।

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने को जोन-एक के अंतर्गत घंटाघर, रेलवे स्टेशन, सामुदायिक शौचालय, शेल्टर होम और चाचा नेहरू अस्पताल समेत विभिन्न स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलभराव, सफाई व्यवस्था, सीवर, अतिक्रमण और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

घंटाघर रेलवे स्टेशन के पास जलभराव की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो परियोजना की ओर से पाइप लाइन को मुख्य नाले से जोड़ दिया गया है, जिससे जल निकासी में दिक्कत नहीं आएगी। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन होने के कारण इस क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव नहीं होना चाहिए और संबंधित विभाग लगातार निगरानी रखे।

घंटाघर चौराहे के पास स्थित सामुदायिक शौचालय की सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली। वहीं स्मार्ट सिटी के शेल्टर होम और रेलवे गोदाम के पास निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) का मलबा और कूड़ा बिखरा मिलने पर उन्होंने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि सफाई कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।

रेलवे गोदाम के पास पीपीपी मॉडल पर बन रहे सार्वजनिक शौचालय की प्रगति और अनुबंध संबंधी जानकारी मौके पर मौजूद अधिकारी नहीं दे सके। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को पूरी पत्रावली के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए।

चाचा नेहरू अस्पताल परिसर में गंदगी, पेड़ों का कचरा, कबाड़ वाहन और सीवर नाला भरा मिलने पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। अस्पताल परिसर और आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ नियमित चालान करने तथा न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीवर नाले की सफाई में लापरवाही मिलने पर अधिशासी अभियंता जलकल राजकुमार का जुलाई माह का वेतन रोकने के निर्देश भी महाप्रबंधक जलकल को दिए गए। साथ ही दो दिन के भीतर सुपर सकर मशीन से पूरे नाले की सफाई कराने को कहा गया।

नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारियों को घंटाघर क्षेत्र में नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने, दोबारा अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त करने और नियमानुसार यूजर चार्ज वसूलने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी जोनल स्वच्छता अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने, प्रतिदिन कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story