मतदाता सूची में घुसपैठियों पर सख्ती, संदेह होने पर तुरंत आपत्ति दर्ज करें : अनिल दीक्षित
कानपुर, 17 जनवरी (हि.स.)। एक भी घुसपैठिया मतदाता सूची में दर्ज न होने पाए, इस पर विशेष सतर्कता बरती जाए। किसी भी नाम पर संदेह होने की स्थिति में तत्काल बीएलए-2 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जाए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची आवश्यक है, और कार्यकर्ता इस दायित्व को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभा रहे हैं। यह बातें शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कही।
गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के द्वितीय चरण में प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 251 एवं 252 पर भाजपा कानपुर उत्तर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित मतदाता सूची हाथ में लेकर घर-घर सम्पर्क के लिए निकले।
नगर क्षेत्र में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित के साथ क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, मंडल अध्यक्ष गौरव पांडेय सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक घर में जाकर मतदाताओं से संवाद किया। इस दौरान जिन पात्र नागरिकों का न्यूमरेशन अथवा एसआईआर फॉर्म नहीं भरा गया था, उन्हें मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाकर सम्बंधित बीएलओ को जमा कराया गया।
अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं ने विशेष उत्साह के साथ फॉर्म-6 भरकर साथ चल रहे भाजपा के बीएलए-2 को जमा किया। यह घर-घर सम्पर्क अभियान पूरे दिन लगातार जारी रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह अभियान कल भी निरंतर जारी रहेगा।
इस गहन मतदाता पुनरीक्षण विशेष अभियान में सेक्टर संयोजक अमित खंडेलवाल, अंकित मिश्रा, कमल तिवारी, विनीत पासवान, सुमीत सिंह, सूरज मिश्रा, त्रिवेणी पांडेय सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। अभियान के उपरांत जिलाध्यक्ष ने सेक्टर स्तर पर बूथ अध्यक्षों, बीएलए-2 एवं बूथ प्रवासियों के साथ बैठक कर अभियान को और अधिक गति देने पर जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

