आईआईटी कानपुर ने स्पेशल इंटेलिजेंस सेल के पुलिस अधिकारियों को दिया साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण
कानपुर, 21 मार्च (हि.स.)। C3iHub, आईआईटी कानपुर में हम कानून प्रवर्तन एजेंसियों की साइबर क्षमताओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। यह पहल राज्य स्तर पर साइबर सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह बातें शनिवार को मुख्य रणनीति अधिकारी डॉ. आनंद हांडा ने कहीं।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के C3iHub ने कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के सहयोग से कानून प्रवर्तन एजेंसियों की क्षमताओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक व्यापक साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया।
इसमें मुख्य रूप से ओपन सोर्स इंटेलिजेंस डिजिटल फॉरेंसिक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बुनियादी पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। इस पहल में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से स्पेशल इंटेलिजेंस सेल के 30 पुलिस अधिकारी शामिल हुए। इससे सभी को एक-दूसरे से सीखने और अनुभव साझा करने का अवसर मिला। कार्यक्रम की शुरुआत उद्घाटन सत्र से हुई, जिसके बाद विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन चंद्रकांत मीणा (आईपीएस), एसपी (क्षेत्रीय), स्पेशल इंटेलिजेंस विभाग, कानपुर नगर क्षेत्र, और सुनील कुमार शर्मा, डीएसपी/जोनल अधिकारी, स्पेशल इंटेलिजेंस विभाग, कानपुर नगर द्वारा किया गया। इस अवसर पर C3iHub के मुख्य रणनीति अधिकारी (सीएसओ) डॉ. आनंद हांडा भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र अमन राज, डॉ. सत्य प्रकाश और इवान दास द्वारा लिए गए, जिन्होंने अपने अनुभव और व्यावहारिक ज्ञान को साझा किया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने काफी उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि साइबर अपराधों से निपटने के लिए लगातार प्रशिक्षण और क्षमता विकास की आवश्यकता है। इस कार्यक्रम ने विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों के बीच ज्ञान साझा करने का अच्छा अवसर प्रदान किया।
यह संयुक्त प्रयास C3iHub और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की साइबर सुरक्षा को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

