आंधी-बारिश बनी आफत, पेड़ गिरने से दो की मौत, बेटी गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
आंधी-बारिश बनी आफत, पेड़ गिरने से दो की मौत, बेटी गंभीर


कानपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर में शनिवार शाम मौसम का अचानक बदला मिजाज उस वक्त जानलेवा बन गया, जब काकादेव क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से ऑटो चालक और महिला की मौत हो गई, जबकि महिला की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।

शनिवार शाम उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को उस समय राहत मिली जब तेज आंधी, तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। लेकिन यह राहत जल्द ही आफत में बदल गई। शहर के कई इलाकों में पुराने और जर्जर पेड़ धराशायी हो गए, जिससे यातायात प्रभावित हो गया और कई स्थानों पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

काकादेव क्षेत्र में हुए हादसे ने सभी को झकझोर दिया। तेज तूफान के बीच एक विशाल पेड़ चलती ऑटो पर गिर पड़ा। हादसे में ऑटो चालक सोनू (35) और ऑटो में सवार जमुना देवी (62) पेड़ के नीचे दब गए, जबकि उनके साथ मौजूद उनकी बेटी ज्योत्सना गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची नगर निगम टीम ने कटर की मदद से पेड़ और ऑटो को काटकर घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सोनू और जमुना देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि ज्योत्सना की हालत गंभीर बनी हुई है।

ज्योत्सना चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में फार्म मैनेजर के पद पर तैनात हैं। बताया गया कि वह अपनी मां जमुना देवी को रूटीन चेकअप के लिए काकादेव लेकर आई थीं और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक पांच अप्रैल तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है और बीच-बीच में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

वहीं, बारिश और आंधी के चलते पीक आवर में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमरा गई। किदवई नगर, गोविंद नगर, माल रोड, काकादेव समेत कई प्रमुख चौराहों पर लंबा जाम लगा रहा और वाहन रेंगते नजर आए।

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि आंधी-तूफान के चलते शहर में कई स्थानों पर पेड़ गिरने और अन्य आकस्मिक घटनाओं की सूचनाएं मिली हैं। स्थिति को देखते हुए नगर निगम के सभी छह जोनों में क्विक रिस्पांस टीमों को सक्रिय किया गया है, जो लगातार गिरे पेड़ों को हटाने, मार्गों को सुचारु करने और जनसुविधाएं बहाल करने में जुटी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story