राज्य महिला आयोग की सदस्य ने की जनसुनवाई

WhatsApp Channel Join Now
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने की जनसुनवाई


गाजियाबाद, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल ने शनिवार को मोदीनगर तहसील सभागार में जनसुनवाई कर महिलाओं एवं आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, किरायेदारों से जुड़े मामले और पुलिस कार्रवाई न होने जैसी शिकायतें सामने आईं। कुल 17 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान डॉ. हिमानी अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला उत्पीड़न और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर एसडीएम मोदीनगर काजल पवार, तहसीलदार प्रशांत कुमार, एसीपी महिला क्राइम सुचिता सिंह, विधि अधिकारी लोकेन्द्र सिंह, वन स्टॉप सेंटर मैनेजर दीपाली, बाल विकास परियोजना अधिकारी शिवानी गुप्ता, पैनल अधिवक्ता संगीता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जनसुनवाई के बाद राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरादनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जनरल ओपीडी, लेबर रूम, दंत विभाग, आयुष्मान मित्र कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष और एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान डॉ. हिमानी अग्रवाल ने टीबी से पीड़ित 10 मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। साथ ही नवजात बेटी के पिता को बेबी किट भेंट कर बेटी के जन्म पर सम्मानित किया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. भारत भूषण, डॉ. राकेश, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. पायल सिरोही, डॉ. आकांक्षा राज, डॉ. स्वाति खोकर, महिला उन्नति प्रशिक्षण संस्थान के अध्यक्ष दुर्गेश शर्मा, शुभम त्यागी, विवेक गर्ग सहित चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story