सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की नई त्रिवेणी बना उत्तर प्रदेश : अमरजीत मिश्र

WhatsApp Channel Join Now
सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की नई त्रिवेणी बना उत्तर प्रदेश : अमरजीत मिश्र


भदोही, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की नई त्रिवेणी आकार ले रही है। भयमुक्त समाज, सुशासन और जनकल्याण रामराज्य की मूल भावना हैं। यह बातें शुक्रवार को भदोही जिले के कछवा में भाजपा और अपना दल के सेक्टर प्रमुखों से संवाद के दौरान मुंबई भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने कहीं।

अमरजीत मिश्र इन दिनों अपनी जन्मभूमि भदोही जिले के गांवों में पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। भदोही, ज्ञानपुर, औराई और मझवा विधानसभा क्षेत्रों के प्रवास के दौरान उन्होंने कछवा में यूनियन नेता सुभाष तिवारी के कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार की सफलता केवल नीतियां बनाने से नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने से तय होती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, कानून का राज और गरीबों के लिए आवास जैसी योजनाएं सुशासन का उदाहरण हैं।

मिश्र ने कहा कि सुरक्षा से लोगों में विश्वास पैदा होता है और यही विश्वास विकास का आधार बनता है। जब विकास समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है, तो सम्मान और स्वाभिमान मजबूत होते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देश व प्रदेश के लिए वरदान बताते हुए जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक एकता और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति, जीवन-मूल्यों और गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाना सभी का दायित्व है। सुरक्षा, सुशासन, विकास और सांस्कृतिक चेतना से ही सशक्त व आत्मविश्वासी उत्तर प्रदेश का निर्माण संभव है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765798 Articles

Share this story