गृह विज्ञान विभाग के युवाओं की नई पहल, हेल्थ-बेस्ड फूड स्टार्टअप की शुरुआत
गोरखपुर, 24 मार्च (हि.स.)। बदलती जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के बीच गोरखपुर के युवाओं ने एक सराहनीय पहल करते हुए “Nature’s Sandwich” नाम से हेल्थ-बेस्ड फूड स्टार्टअप की शुरुआत की है। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग में इस फूड कार्ट का शुभारंभ महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव एवं कुलपति प्रो. पूनम टंडन द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा, प्रो. एस.एस. दास, डॉ. सी.पी. अग्रवाल तथा श्री अचिंत्य लाहिड़ी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस स्टार्टअप की खास बात इसका हेल्थ-फोकस्ड कॉन्सेप्ट है। “Nature’s Sandwich” में तैयार किए जाने वाले सैंडविच कम वसा में बनाए जाते हैं तथा उनमें ताजी और पौष्टिक सब्जियों का उपयोग किया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वादिष्ट, संतुलित और स्वास्थ्यवर्धक स्नैक्स का विकल्प प्रदान करना है। यह स्टॉल नियमित रूप से विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के सामने लगाया जाएगा, जिससे छात्रों और स्थानीय लोगों को आसानी से हेल्दी फूड उपलब्ध हो सके।
इस उद्यम की शुरुआत अभिनव सिंह (एमएससी फूड टेक्नोलॉजी, अंतिम वर्ष) ने अपने सहयोगियों शिवम सिंह, मनीष सिंह एवं निर्भय सिंह के साथ मिलकर की है। लगभग एक लाख रुपये की लागत से शुरू किया गया यह स्टार्टअप युवाओं की उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता का प्रेरणादायक उदाहरण है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “युवा यदि शिक्षा के साथ नवाचार और उद्यमिता को अपनाएं, तो वे न केवल आत्मनिर्भर बन सकते हैं बल्कि समाज को भी नई दिशा दे सकते हैं। ‘Nature’s Sandwich’ इसका उत्कृष्ट उदाहरण है।”
विभागाध्यक्ष प्रो. दिव्या रानी सिंह ने बताया कि इस स्टार्टअप की प्रेरणा लोगों को हेल्दी और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने से मिली। उन्होंने इसे गृह विज्ञान विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह प्रयास न केवल स्वरोजगार को बढ़ावा देगा, बल्कि स्वस्थ भोजन संस्कृति को भी प्रोत्साहित करेगा।
कार्यक्रम में डीएसडब्ल्यू डॉ. अनुभूति दुबे, डॉ. प्रीति गुप्ता, डॉ. अनुपमा कौशिक, डॉ. नीता सिंह, डॉ. गार्गी, डॉ. गरिमा यादव सहित विभाग की शोध छात्राओं की उपस्थिति रही।
“Nature’s Sandwich” न केवल स्वाद और सेहत का संतुलन प्रस्तुत करता है, बल्कि यह स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और नवाचार की नई राह भी खोलता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

