श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव


श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव


जौनपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में नगर के रासमंडल मोहल्ला में भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित चार दिवसीय भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का रविवार को पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य समापन हो गया। समापन अवसर पर विशाल कढ़ी-भात भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

समापन दिवस पर सुबह से ही श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान श्री जगन्नाथ, उनके बड़े भ्राता बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा के दर्शन-पूजन के लिए देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर पूरे दिन जय जगन्नाथ के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।

आचार्य डॉ. रजनीकांत द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा का षोडशोपचार पूजन संपन्न कराया। इस दौरान हरदेव सिंह, नीलम सिंह, रोहन सिंह एवं तुषित गुप्ता मुख्य यजमान रहे। पूजन के उपरांत भगवान को कढ़ी-भात, मौसमी सब्जी, मालपुआ और शाही खीर का विशेष महाभोग अर्पित किया गया।

महाआरती के बाद मुख्य अर्चक पंडित दिनेश चंद्र द्विवेदी ने विशाल कढ़ी-भात भंडारे का शुभारंभ किया। रथयात्रा समिति के अध्यक्ष शशांक सिंह रानू, महामंत्री शिवशंकर साहू तथा समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं और श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया।

समापन समारोह में प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, चिकित्सक और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में श्री जगन्नाथ मंदिर के ट्रस्टी सीए संजय गुप्ता ने रथयात्रा महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

—————————————

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story