नवागत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने ग्रहण किया पदभार

WhatsApp Channel Join Now
नवागत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने ग्रहण किया पदभार


नवागत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने ग्रहण किया पदभार


मुरादाबाद, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में सोमवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पद पर आईआरटीएस महेश यादव ने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने उन्हें विधिवत रूप से पदभार सौंपा। महेश यादव वर्ष 2013 बैच के इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस अधिकारी हैं I

महेश यादव एक अनुभवी एवं कुशल अधिकारी हैं, जिन्होंने भारतीय रेल के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। मुरादाबाद मंडल में वर्तमान नियुक्ति से पूर्व वे उत्तर रेलवे मुख्यालय में डिप्टी चीफ ऑपरेशंस मैनेजर के रूप में कार्यरत थे।

अपने सेवा काल में महेश यादव ने कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्टेशन डायरेक्टर के महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं एवं संचालन प्रबंधन में उल्लेखनीय योगदान दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने फ्रेट ऑपरेशंस इंफॉर्मेशन सिस्टम के लिए डिप्टी चीफ ऑपरेशंस मैनेजर के रूप में भी कार्य किया है। साथ ही, वे मुख्यालय में डिप्टी चीफ ऑपरेशंस मैनेजर (ट्रेन टाइमटेबलिंग) के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

श्री यादव के नेतृत्व में मुरादाबाद मंडल में वाणिज्यिक कार्यों, यात्री सुविधाओं एवं सेवा गुणवत्ता में और अधिक सुधार होने की अपेक्षा है। उनके अनुभव एवं कुशल प्रबंधन से मंडल के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की संभावना है। इस अवसर पर मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महेश यादव का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story