समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य कर रहा है सपा का पीडीए मिशन : राजाराम पाल

WhatsApp Channel Join Now
समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य कर रहा है सपा का पीडीए मिशन : राजाराम पाल


कानपुर, 05 अप्रैल (हि.स.) समाज में भाईचारा और सेवा की भावना को मजबूत करना समय की जरूरत है। निषाद राज गुहा के जीवन से हमें समर्पण और मित्रता का संदेश मिलता है। सपा का पीडीए मिशन समाज के हर वर्ग को जोड़ने का काम कर रहा है। कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। “निषाद राज गुहा की नीतियां समाज में सौहार्द और सेवा का मार्ग दिखाती हैं, यह बातें रविवार को निषाद राज गुहा की जयंती पर सपा ग्रामीण नगर अध्यक्ष मुनींद्र शुक्ला ने कही।

समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर द्वारा निषाद राज गुहा की जयंती का आयोजन सपा ग्रामीण अध्यक्ष मुनीन्द्र शुक्ला की अध्यक्षता में नवीन मार्केट परेड स्थित सपा ग्रामीण कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नेताओं द्वारा निषाद राज गुहा के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए ग्रामीण नगर अध्यक्ष मुनीन्द्र शुक्ला ने कहा कि निषाद राज गुहा ने भगवान राम को गंगा पार कराने के दौरान स्नेह, प्रेम और सेवा का जो उदाहरण प्रस्तुत किया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने भी उनकी मित्रता निभाते हुए वनवास के बाद उन्हें अयोध्या बुलाकर सम्मानित किया, जो सच्ची मित्रता का प्रतीक है।

पूर्व सांसद राजाराम पाल ने कहा कि निषाद राज गुहा की नीतियां समाज में आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि सपा का पीडीए मिशन भी इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य कर रहा है।

पूर्व विधानसभा प्रत्याशी फतेह बहादुर गिल ने अपने संबोधन में कहा कि सपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है, लेकिन जनता को राहत देने के बजाय ऐसे कानून बनाए जा रहे हैं, जिससे अधिकारों का हनन हो रहा है और निजी कंपनियों को बढ़ावा मिल रहा है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने एकजुट होकर पीडीए मिशन को मजबूत करने और समाज में समानता व अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story