खेल, शिक्षा और नवाचार सफलता के तीन स्तंभ : कुलपति प्रो. राकेश सिंह
जौनपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा संकुल में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को खेल को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई।
कुलपति ने कहा कि शिक्षा, शोध और नवाचार के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है और स्वस्थ मस्तिष्क सृजनात्मक सोच, शोध एवं नवाचार को नई दिशा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल के मैदान में बिताने और फिट इंडिया के उद्देश्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, संघर्ष और लक्ष्य के प्रति समर्पण की सीख भी देते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, पर्याप्त अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका सपना है कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षा और नवाचार के साथ खेल के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाए।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर परिसर में बैडमिंटन, योगाभ्यास और रस्साकसी की पुरुष एवं महिला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। कुलपति ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और निरंतर मेहनत है।
कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, उपकुलसचिव अजीत प्रताप सिंह, खेलकूद परिषद के सचिव प्रो. शेखर सिंह सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।समापन पर कुलपति ने विद्यार्थियों से खेल के साथ शिक्षा, शोध और नवाचार में उत्कृष्टता हासिल कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और ऊर्जावान युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

