खेल और योग में करियर का मौका: सीएसजेएमयू में प्रवेश शुरू : डॉ. श्रवण कुमार यादव

WhatsApp Channel Join Now
खेल और योग में करियर का मौका: सीएसजेएमयू में प्रवेश शुरू : डॉ. श्रवण कुमार यादव


कानपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। खेल और योग के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए कानपुर क छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कोर्स के दौरान विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

चयन में शैक्षणिक योग्यता के साथ शारीरिक दक्षता को भी महत्व दिया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों से रोजगार के अच्छे अवसर मिलेंगे। खेल और योग शिक्षा से युवाओं को बेहतर भविष्य मिलेगा। यह बातें गुरुवार को विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने कही।

सीएसजेएमयू के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभाग द्वारा बीपीईएस (3 वर्ष) में 90 सीटें, बीपीएड (2 वर्ष) में 50 सीटें और बी.एससी. योग (3 वर्ष) में 40 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर एमपीएड (40), पीजीडीवाईईडी (20), एमएससी योग (20), एमए योग (20) तथा मास्टर ऑफ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट (20 सीटें) संचालित किए जा रहे हैं।

बीपीईएस में प्रवेश के लिए 10+2 उत्तीर्ण होना और खेलों में सहभागिता अनिवार्य है, जबकि चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षण, खेल प्रवीणता और साक्षात्कार शामिल होंगे। बी.एससी. योग में 10+2 पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं और योग डिप्लोमा धारकों को सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बताया गया कि विभाग में विभिन्न खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं और जल्द ही समर कैंप का आयोजन भी किया जाएगा।------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story