अज्ञात राहगीर की मौके पर दर्दनाक मौत, पुलिस पहचान कराने में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
अज्ञात राहगीर की मौके पर दर्दनाक मौत, पुलिस पहचान कराने में जुटी


औरैया, 03 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर गुरुवार-शुक्रवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में एक अज्ञात राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए चिचौली स्थित 100 शैय्या जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

हादसा करमपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब इटावा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे चल रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राहगीर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस से 50 शैय्या जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली प्रभारी के अनुसार, मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना प्रसारित कर दी गई है। वहीं, हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story