तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौत के बाद हंगामा और जाम

WhatsApp Channel Join Now
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौत के बाद हंगामा और जाम


तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौत के बाद हंगामा और जाम


कानपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। बिधनू थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने मंगलवार को बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

शंभुआ गांव निवासी रामनरेश पासवान (32) की दो साल पहले शादी हुई थी। परिवार में गर्भवती पत्नी रविता और वृद्ध मां रानी देवी हैं। वह रमईपुर स्थित निर्माणाधीन रिंग रोड में कार्यरत था। मंगलवार को ड्यूटी समाप्त कर वह बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाकर जैसे ही बाहर निकला, तभी घाटमपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को कुचल दिया और चालक मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि रामनरेश की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम को हटवाकर यातायात सुचारु रूप से बहाल कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story