पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, पिता की मौत; बेटा समेत दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, पिता की मौत; बेटा समेत दो घायल


जौनपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में चंदवक थाना क्षेत्र के मुढ़ैला-थानागद्दी मार्ग पर भैंसा गांव के पास रविवार रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार रामकिशुन (50)की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा मनोज कुमार (31) और साथी सुखराम (59) घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार तीनों लोग नशे की हालत में थे।वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के हमीरापुर निवासी मनोज कुमार अपने पिता रामकिशुन और केराकत थाना क्षेत्र के खर्गसेनपुर निवासी सुखराम के साथ बाइक से जा रहे थे। तीनों ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते थे। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे भैंसा गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), डोभी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने रामकिशुन को मृत घोषित कर दिया। मनोज कुमार और सुखराम का उपचार किया गया। दोनों को हल्की चोटें आने की जानकारी दी गई है।

इस संबंध में सोमवार को जानकारी लेंने पर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले तीन लोग एक ही बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तीनों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766822 Articles

Share this story