मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रमों की तेज करें तैयारियां : क्षेत्रीय अध्यक्ष
कानपुर, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनकल्याण शिविर, मीडिया संवाद, घर-घर संपर्क अभियान और प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर चर्चा की गई। यह बातें बुधवार को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहीं।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि सभी जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से किया जाएगा, ताकि केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और 12 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
प्रकाश पाल ने कहा कि जनकल्याण शिविरों को सेवा और सुशासन का प्रभावी माध्यम बनाया जाए। प्रत्येक बूथ पर ऐसे लोगों की सूची तैयार की जाए जो अब तक किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं ले सके हैं। ऐसे पात्र लोगों को शिविरों तक लाकर उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाए और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के साथ व्यापक संवाद स्थापित कर सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री राम किशोर साहू, पूनम द्विवेदी, अनीता गुप्ता, पवन प्रताप सिंह, सुनील तिवारी, आलोक शुक्ला, मोहित सोनकर, ऋषभ शुक्ला सहित अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

