व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए अत्यंत घातक है नशा : प्रो. सोलंकी*
गोरखपुर, 25 सितंबर (हि.स.)।
युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की 57वीं तथा राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सम सामयिक विषयों पर केंद्रित साप्ताहिक सम्मेलन के दूसरे दिन, शुक्रवार को ‘नशा नाश का कारण है’ विषय पर वक्ताओं से विमर्श किया। मुख्य वक्ता, प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख, स्वामी विवेकानंद केंद्र उत्तर प्रदेश, प्रो. विनोद सोलंकी ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए अत्यंत घातक है। स्वयं, परिवार और समाज के विकास के लिए आवश्यक है कि व्यक्ति नशे से दूर रहे।
गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में आयोजित सम्मेलन में प्रो. सोलंकी ने कहा कि हमें हमेशा स्मरण रखना चाहिए कि हम ‘वीर भोग्या वसुंधरा’ रूपी भारतभूमि की संतान हैं। हमें उसी ऊर्जा के साथ जीवन जीना है। सुखी जीवन की कल्पना हमारे मन से होती है और मन के भी अनेक व्यसन होते हैं। उन पर नियंत्रण करना ही मन का नियंत्रण है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि जब वे कठिन विषय पढ़कर थक जाएं तो उपनिषदों की बोध कथाओं का अध्ययन करें। इससे जीवन सुंदर से सुन्दरतम होता जाएगा। उपनिषदों के ऋषियों का संदेश जागृति का संदेश है।
प्रो. सोलंकी ने कहा कि हमें अपने जीवन की यात्रा पशु-मानव से मानव-मानव और वहां से दिव्य मानव बनने की ओर करनी है। इसके लिए हर क्षण जागरूक रहकर अपनी वाणी, मन, विचार और स्वभाव को नियंत्रित करना होगा। इसके लिए संतों के साहित्य का अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अपने व्यसनों में ‘विद्या-व्यसन’ को जोड़ना चाहिए। भगिनी निवेदिता तथा स्वामी विवेकानंद के उदाहरणों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के पतन के कारणों में संस्कृत भाषा का विलुप्त होना भी एक कारण रहा है। संस्कृत भाषा ज्ञान-विज्ञान के साथ-साथ मनुष्य को सन्मार्ग पर ले जाने वाली भाषा है। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा व्यसन करना चाहिए, जैसा योगी गंभीरनाथ जी महाराज, महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज और महंत अवेद्यनाथ जी महाराज ने किया तथा आज गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं। हमें भी राष्ट्रभक्ति, गोरक्षा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का व्यसन करना चाहिए।
इस अवसर पर कटक, ओडिशा से पधारे महंत शिवनाथ जी महाराज ने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों को जानने के बाद भी लोग उस पर नियंत्रण नहीं कर पाते। उन्होंने गोरखनाथ जी के वचनों का उदाहरण देते हुए कहा कि मद्यपान से प्राणशक्ति का नाश होता है तथा भांग और तंबाकू के सेवन से ध्यानशक्ति का ह्रास होता है। इनका सेवन करने वालों को इसके दुष्परिणाम भुगतने पड़ते हैं। प्रो. शिवशरण दास, पूर्व आचार्य, रसायनशास्त्र विभाग, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर ने कहा कि इस पवित्र प्रांगण में आकर ‘नशा’ शब्द बोलने में ही उन्हें अपराधबोध हो रहा है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से गायत्री मंत्र एवं देवी मंत्र का उच्चारण कराया और उनके अर्थ भी बताए। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन एक बार ही मिलता है और यह अनमोल है। इसे इस प्रकार जीना चाहिए कि इसके बाद किसी अन्य जीवन की कल्पना की आवश्यकता ही न पड़े। नशा व्यक्ति को विनाश की ओर ले जाता है। नशे से कभी कल्याण नहीं, बल्कि विनाश ही होता है। नशे के कारण शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता कम होती है और सोचने-समझने की शक्ति भी प्रभावित होती है। नशा व्यक्ति को परिवार और समाज से दूर कर एकाकी बनाता है तथा धीरे-धीरे अवसाद की ओर ले जा सकता है। नशे के कारण व्यक्ति अपराध की ओर भी बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नशामुक्ति के लिए अनेक जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं तथा वर्ष 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया गया है।
नशे का एक प्रमुख कारण कुसंगति भी
आगरा से पधारे महंत ब्रह्मचारी लालदास जी महाराज ने कहा कि नशे से शरीर के सभी अंगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बच्चों की स्मरणशक्ति भी प्रभावित होती है। पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी स्मरणशक्ति आवश्यक है, इसलिए उन्हें नशे से पूरी तरह दूर रहना चाहिए। हिंगवा, राजस्थान से पधारे महंत डॉ. योगी महेंद्रनाथ जी महाराज ने कहा कि जीवन में संगति का बहुत प्रभाव होता है। हम जैसे लोगों के साथ रहते हैं, वैसा ही प्रभाव हमारे जीवन पर पड़ता है। कुसंगति नशे का प्रमुख कारण है। इसलिए नई पीढ़ी को ध्यान देना चाहिए कि वह किस प्रकार के लोगों के साथ रहती है। अच्छे पुरुषों की संगति से ही जीवन को अनेक प्रकार के व्यसनों से बचाया जा सकता है। नीमच, मध्य प्रदेश से पधारे योगी लालनाथ जी महाराज ने कहा कि नशे से व्यक्ति का जीवन तो नष्ट होता ही है, साथ ही आने वाली पीढ़ी भी प्रभावित होती है। जिस घर में नशे का प्रचलन हो जाता है, वह परिवार अनेक समस्याओं से घिर जाता है। हम सभी को आगे आकर नशा उन्मूलन के लिए प्रयास करना होगा।
नशा उन्मूलन को लेकर सरकार गंभीर
राजकीय मेडिकल कॉलेज, अंबेडकरनगर के सीनियर रेजिडेंट डॉ. पृथ्वीनाथ सिंह ने कहा कि देश में बड़ी संख्या में लोग शराब सहित विभिन्न प्रकार के नशे का सेवन करते हैं। आज का युवा भी नशे की चपेट में आ रहा है। विशेषकर मित्रों के दबाव अथवा प्रोत्साहन के कारण युवा नशे की शुरुआत करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक करने की आवश्यकता है। नशा मात्र सामाजिक बुराई नहीं, बल्कि एक विकार है, जिसे समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशे के सेवन से मस्तिष्क में ऐसे रासायनिक परिवर्तन होते हैं, जिनसे व्यक्ति को कुछ समय के लिए आनंद की अनुभूति हो सकती है, लेकिन इसके दीर्घकालिक दुष्परिणाम गंभीर होते हैं। धीरे-धीरे सोचने-समझने और निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होने लगती है तथा व्यक्ति शारीरिक रूप से भी कमजोर हो सकता है। नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और आने वाली पीढ़ियों को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि सरकार नशा उन्मूलन के प्रति गंभीर है। मेडिकल कॉलेजों और जिला चिकित्सालयों में नशा उन्मूलन एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नशा एक विकार है और उचित उपचार एवं काउंसलिंग के माध्यम से इससे छुटकारा पाने में सहायता मिल सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरक्षपीठ के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने की। वैदिक मंगलाचरण अश्वनी त्रिपाठी ने तथा गोरक्ष अष्टक पाठ मृत्युंजय उपाध्याय एवं गौरव तिवारी ने किया। आभार ज्ञापन महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संयुक्त सचिव रामजन्म सिंह ने तथा संचालन डॉ. श्रीभगवान सिंह ने किया। इस अवसर पर अयोध्या से पधारे महंत रामलखनदास जी महाराज, कटक, ओडिशा से पधारे महंत शिवनाथ जी महाराज, नासिक से पधारे महंत योगी विलासनाथ जी महाराज, हिंगवा, राजस्थान से योगी महेंद्रनाथ जी महाराज, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास जी महाराज तथा मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ देवीपाटन के महंत मिथिलेश दास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, शिक्षक एवं विद्यार्थी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

