सर्दियों में गो-आश्रय स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सर्दियों में गो-आश्रय स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश


-सड़कों पर निराश्रित गोवंश की मौजूदगी रोकने के लिए चलेगा विशेष अभियान

लखनऊ, 13 नवंबर (हि.स.)। शीत ऋतु में निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने और गो-आश्रय स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के संबंध में शासन की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि कहीं भी गोवंशों के पाए जाने पर उनका संरक्षण कराया जाएगा।राष्ट्रीय एवं राजकीय राजमार्गों के साथ ही बाजारों, हाटों और मंडियों के आसपास निराश्रित गोवंश की मौजूदगी रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के तहत सड़कों पर घूम रहे गोवंश को चिह्नित कर संरक्षित किया जाएगा।

गोवंश संरक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके तहत नगर आयुक्तों और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में निराश्रित गोवंश की स्थिति पर नजर रखने और बाजारों, मंडियों तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। त्योहारों के दौरान बढ़ते यातायात को देखते हुए पेट्रोलिंग और गोवंश को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है।

नस्ल सुधार और पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि की रणनीति

योगी सरकार के प्रयासों से प्रदेश में गोवंश संरक्षण के लिए व्यापक व्यवस्था विकसित की गई है। प्रदेश में 7700 से अधिक गो आश्रय स्थलों के माध्यम से 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश संरक्षित किए गए। योगी सरकार का प्रयास केवल निराश्रित गोवंश को आश्रय उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी समुचित देखभाल, नस्ल सुधार और पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि को भी गोवंश संरक्षण की व्यापक रणनीति का हिस्सा बनाया गया है। इसके तहत आश्रय स्थलों की व्यवस्था के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

डेयरी उद्यमों को बढ़ावा दे रही नंदिनी कृषक समृद्धि योजना

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि प्रदेश में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में नए उद्यम विकसित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इससे पशुपालकों को डेयरी व्यवसाय की स्थापना और विस्तार के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।

नस्ल सुधार और गो आधारित उत्पादों तक व्यापक रणनीति

पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि प्रदेश में गोसंरक्षण की व्यवस्था अब व्यापक स्वरूप ले रही है। इसके तहत गो-आश्रय स्थलों, पशु चिकित्सा सेवाओं, नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन, डेयरी निवेश और गो आधारित उत्पादों को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story