कानपुर सेंट्रल पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान, पांच लाख से अधिक वसूला जुर्माना
कानपुर, 14 मई (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा चलाए गए विशेष टिकट चेकिंग अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 1289 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं में पकड़ा गया, जिनसे 5,17,620 रुपये जुर्माना वसूला गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से वैध टिकट के साथ यात्रा करने और रेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। यह जानकारी गुरुवार को जनसम्पर्क अधिकारी प्रयागराज मंडल अमित कुमार सिंह ने दी।
अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर अकांशु गोविल के नेतृत्व में नौ से 14 मई तक कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा और रेलवे परिसरों में अनुशासनहीनता पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान टिकट जांच स्टाफ ने बिना टिकट यात्रा करने वालों, अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों, धूम्रपान करने वालों तथा बिना बुक कराए लगेज ले जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। जांच के दौरान 310 बिना टिकट यात्रियों से 2,22,680 रुपये, 489 अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से 2,45,740 रुपये तथा गंदगी फैलाने और धूम्रपान करने वाले 490 यात्रियों से 49,200 रुपये जुर्माना वसूला गया।
अमित कुमार सिंह के अनुसार यह अभियान राजस्व वृद्धि के साथ-साथ स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हुआ। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें, वैध टिकट के साथ यात्रा करें और कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

