मोदी के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर सिद्धिविनायक मंदिर में हुई पूजा-अर्चना : सलिल बिश्नोई
कानपुर, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश के लिए बेमिसाल रहे हैं और आगे भी हम सभी उनके नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे। आज देश का प्रत्येक युवा और नागरिक अपने अधिकार प्राप्त कर रहा है। यह बातें बुधवार को विधान परिषद सदस्य सलिल बिश्नोई ने कहीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर बुधवार को आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर घंटाघर स्थित सिद्धिविनायक मंदिर में विधान परिषद सदस्य सलिल बिश्नोई ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घ जीवन और देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विकास की सराहना की।
मंडल अध्यक्ष वैभव खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और गरीब, युवा, किसान तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रभावी कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

