डीजीआर का पूर्व सैनिकों के लिए विशेष रोजगार मेला 17 को

WhatsApp Channel Join Now
डीजीआर का पूर्व सैनिकों के लिए विशेष रोजगार मेला 17 को


प्रयागराज, 05 मार्च (हि.स)। पूर्व सैनिकों को नागरिक कार्यबल में सशक्त बनाने और उनके पुनर्गठन में सहायता करने की ऐतिहासिक पहल के तहत, रक्षा मंत्रालय के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के महानिदेशालय पुनर्वास (डीजीआर) द्वारा 17 मार्च को चंडीगढ़ में पूर्व सैनिकों के लिए एक रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

यह जानकारी रक्षा मंत्रालय, प्रयागराज के पीआरओ ने गुरुवार को देते हुए बताया है कि यह रोजगार मेला भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना के पूर्व सैनिकों को सुरक्षा, आईटी, प्रशासन, रसद (लॉजिस्टिक्स), स्वास्थ्य सेवा और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख कॉर्पाेरेट और औद्योगिक नियोक्ताओं के साथ जोड़ने के लिए एक समर्पित मंच के रूप में कार्य करेगा।

उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उनके अनुशासन, नेतृत्व और तकनीकी विशेषज्ञता को पहचान मिले। ऐसे कौशल जिन्हें नागरिक नौकरी बाजार में अत्यधिक महत्व दिया जाता है। डीजीआर द्वारा वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पूरे भारत में विभिन्न स्थानों पर पूर्व सैनिकों के लिए 18 रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें से अब तक दिल्ली, चेन्नई, अहमदाबाद, लखनऊ, वाराणसी, कोलकाता, सिकंदराबाद, जम्मू, भोपाल, कोच्चि, गुवाहाटी, देहरादून, बेंगलुरु और पुणे में सोलह मेलों का आयोजन किया जा चुका है।

पूर्व सैनिकों को उन भर्तीकर्ताओं के सामने अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा जो पूर्व सैनिकों द्वारा कार्यबल में लाए जाने वाले अद्वितीय मूल्य को समझते और सराहते हैं। पंजीकरण करने पर नियोक्ताओं को समर्पित, कुशल और मिशन-तैयार पेशेवरों के बायोडाटा तक निःशुल्क पहुंच प्राप्त होगी। नियोक्ता रोजगार मेले के दौरान पहले से शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के साक्षात्कार और चयन की योजना बना सकते हैं।

पीआरओ ने बताया कि नियोक्ता और पूर्व सैनिक www-esmhire-com पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं, जो विशेष रूप से पूर्व सैनिकों के लिए एक एआई-संचालित जॉब प्लेटफॉर्म है। पंजीकरण का लिंक डीजीआर की वेबसाइट www-dgrindia-gov-in पर 'Job Fair' बटन के तहत भी उपलब्ध है। पंजीकरण अब शुरू हो चुका है और पूर्व सैनिकों तथा नियोक्ताओं के लिए निःशुल्क है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story