डीजीआर का पूर्व सैनिकों के लिए विशेष रोजगार मेले का आयोजन 13 को

WhatsApp Channel Join Now
डीजीआर का पूर्व सैनिकों के लिए विशेष रोजगार मेले का आयोजन 13 को


प्रयागराज, 06 मार्च (हि.स)। पूर्व सैनिकों को नागरिक कार्यबल में सशक्त बनाने और उनके पुनर्एकीकरण में सहायता करने की एक ऐतिहासिक पहल के तहत, पुनर्वास महानिदेशालय (डीजीआर), पूर्व सैनिक कल्याण विभाग (रक्षा मंत्रालय), 13 मार्च को पुणे, महाराष्ट्र में पूर्व सैनिकों के लिए एक रोजगार मेले का आयोजन कर रहा है।

उक्त जानकारी रक्षा मंत्रालय, प्रयागराज के पीआरओ ने शुक्रवार को देते हुए बताया कि यह रोजगार मेला भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना के पूर्व सैनिकों को सुरक्षा, आईटी, प्रशासन, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवा और जीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख कॉर्पाेरेट और उद्योग नियोक्ताओं से जोड़ने के लिए एक समर्पित मंच के रूप में कार्य करेगा। यह पहल पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और कल्याण के प्रति पूर्व सैनिक कल्याण विभाग (रक्षा मंत्रालय) की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उनके अनुशासन, नेतृत्व और तकनीकी विशेषज्ञता को पहचान मिले। ये ऐसे कौशल हैं जिन्हें नागरिक जॉब मार्केट में अत्यधिक महत्व दिया जाता है। डीजीआर वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पूरे भारत में विभिन्न स्थानों पर पूर्व सैनिकों के लिए 18 रोजगार मेले आयोजित कर रहा है, जिनमें से अब तक दिल्ली, चेन्नई, अहमदाबाद, लखनऊ, वाराणसी, कोलकाता, सिकंदराबाद, जम्मू, भोपाल, कोच्चि, गुवाहाटी, देहरादून और बेंगलुरु में पंद्रह मेले आयोजित किए जा चुके हैं।

पीआरओ ने बताया कि पूर्व सैनिकों के पास उन रिक्रूटर्स के सामने अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर होगा जो उनके द्वारा कार्यबल में लाए जाने वाले अद्वितीय मूल्य को समझते हैं। नियोक्ताओं को पंजीकरण करने पर समर्पित, कुशल और मिशन के लिए तैयार पेशेवरों के रेज़्युमे तक निःशुल्क पहुंच प्राप्त होगी। नियोक्ता रोजगार मेले के दौरान पहले से शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के साक्षात्कार और चयन की योजना बना सकते हैं।

नियोक्ता और पूर्व सैनिक www-esmhire-com पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं, जो विशेष रूप से पूर्व सैनिकों के लिए एक एआई-संचालित जॉब प्लेटफॉर्म है। पंजीकरण का लिंक डीजीआर की वेबसाइट www-dgrindia-gov-in पर 'Job Fair' बटन के तहत भी उपलब्ध है। पंजीकरण अब शुरू हो चुका है और पूर्व सैनिकों एवं नियोक्ताओं के लिए निःशुल्क है। 13 मार्च सुबह 7 बजे से, स्थान बीईजी एंड सेंटर, किरकी, पुणे, महाराष्ट्र में पंजीकरण हाेगा। उल्लेखनीय है कि 17 मार्च को चंडीगढ़ में पंजीकरण आयोजित है।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story