मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर चला विशेष जांच अभियान, खानपान की गुणवत्ता की चेक

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर चला विशेष जांच अभियान, खानपान की गुणवत्ता की चेक


मुरादाबाद, 29 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देश तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के मार्गदर्शन में भीषण गर्मी के मद्देनज़र यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खानपान, स्वच्छ वातावरण एवं ‘रेल नीर’ की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह जानकारी उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को दी।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरी सिंह मीना ने गाड़ी संख्या 12318, 12392, 15909, 15910 एवं 13042 की पैंट्रीकारों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं ‘रेल नीर’ की उपलब्धता का विशेष रूप से परीक्षण किया गया। जांच के दौरान गाड़ी संख्या 12392 की पैंट्रीकार से 23 कार्टन एवं 58 बोतल अनाधिकृत पानी जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त, गाड़ियों में गंदगी फैलाने के 08 मामलों में कार्रवाई करते हुए 1600 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

निरीक्षण के दौरान सीटीआई भावेश शर्मा एवं टीटीई रोहित कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। उत्तर रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story