योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर चला विशेष सफाई एवं श्रमदान

WhatsApp Channel Join Now
योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर चला विशेष सफाई एवं श्रमदान


योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर चला विशेष सफाई एवं श्रमदान


मुरादाबाद, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर रेलवे मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर रेलवे एवं नगर निगम के सफाई मित्रों के सहयोग से विशेष सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सीनियर डीसीएम महेश यादव ने आगे बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत मुरादाबाद रेल मंडल में रेलवे परिसरों, स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा देने तथा आमजन एवं रेल कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर विशेष सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं नगर निगम के कर्मियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए स्टेशन परिसर की सीमा से लगे नगर निगम क्षेत्र तथा रेलवे ट्रैकों के आसपास के क्षेत्रों में सघन सफाई अभियान चलाया। इस दौरान कूड़ा-कचरा, अनावश्यक सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट को हटाकर संबंधित क्षेत्रों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का कार्य किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अपने कार्यस्थल, रेलवे परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों को निरंतर स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आमजन से भी अपील की गई कि वे रेलवे स्टेशन एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

मुरादाबाद मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, स्वच्छ रेल परिसर सुनिश्चित करने तथा रेलवे एवं स्थानीय निकायों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर श्रमदान, विशेष सफाई अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस विशेष सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम ने रेलवे एवं नगर निगम के संयुक्त प्रयासों से स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवेश के निर्माण का सकारात्मक संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से सभी कर्मचारियों एवं आमजन को स्वच्छता को अपनी दैनिक कार्यशैली एवं जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story