दिव्यांगजनों के चिन्हांकन काे 28 अप्रैल से विशेष शिविरों का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांगजनों के चिन्हांकन काे 28 अप्रैल से विशेष शिविरों का आयोजन


देवरिया, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देशन में जनपद के दिव्यांगजनों के चिन्हांकन हेतु 28 अप्रैल से विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ये शिविर 30 मई तक जनपद के सभी विकास खंडों में आयोजित होंगे, जिनका उद्देश्य दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर उन्हें ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, स्मार्ट केन सहित अन्य कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, दिव्यांग पेंशन, दुकान निर्माण/संचालन योजना तथा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए कॉक्लियर इम्प्लांट योजना के लिए भी लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 अप्रैल को गौरीबाजार, 29 अप्रैल को भटनी, 2 मई को रुद्रपुर, 4 मई को बरहज, 5 मई को भागलपुर, 12 मई को बनकटा, 13 मई को सलेमपुर, 14 मई को भटपाररानी, 15 मई को पथरदेवा, 16 मई को लार, 19 मई को देवरिया सदर, 20 मई को बनकटा, 23 मई को रामपुर कारखाना, 26 मई को देसही देवरिया, 29 मई को तरकुलवा तथा 30 मई को पथरदेवा में शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक शिविर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक संचालित होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि ऐसे दिव्यांगजन जिन्हें पिछले तीन वर्षों में किसी योजना या सहायक उपकरण का लाभ नहीं मिला है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। शिविर में भाग लेने वाले लाभार्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र की प्रति और एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।

उन्होंने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी सहित सभी विकास खंड अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही शिविर स्थलों पर बैठने, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story