मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर 05 से 21 जून तक चलेगा विशेष अभियान : प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर 05 से 21 जून तक चलेगा विशेष अभियान : प्रकाश पाल


कानपुर, 25 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रप्रथम के संकल्प के साथ निरंतर देश की सेवा कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में एनडीए सरकार के ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण 12 वर्ष आगामी सात जून को पूर्ण हो रहे हैं। मोदी सरकार ने गरीब, शोषित एवं वंचित वर्गों के कल्याण, किसानों के हित, नारी सशक्तिकरण और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। यह बातें सोमवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहीं।

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पांच जून से 21 जून तक “12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान चलाए जाने को लेकर भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की आवश्यक बैठक क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित की गई।

बैठक में अभियान की रूपरेखा तय करते हुए निर्णय लिया गया कि इस दौरान “एक पेड़ मां के नाम”, विशेष जनसंपर्क अभियान, मीडिया संवाद, जनकल्याण शिविर, भारत संकल्प सम्मेलन एवं प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी पदाधिकारियों को अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों को अवसरों में परिवर्तित करते हुए केंद्र सरकार विकसित भारत के संकल्प को लेकर तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बनेंगे और जनसेवा का एक और महत्वपूर्ण कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि संपूर्ण अभियान की जिम्मेदारी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता को संयोजक के रूप में सौंपी गई है। वहीं सह-संयोजक के रूप में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल यादव, क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह, क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र गुप्ता एवं सोशल मीडिया के क्षेत्रीय संयोजक हर्ष दुबे जिम्मेदारी निभाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story