लेखपाल मुख्य लिखित परीक्षा के मद्देनज़र मुरादाबाद रेल मंडल में किए गए विशेष प्रबंध

WhatsApp Channel Join Now
लेखपाल मुख्य लिखित परीक्षा के मद्देनज़र मुरादाबाद रेल मंडल में किए गए विशेष प्रबंध


बरेली–सीतापुर सिटी स्पेशल गाड़ी का किया गया संचालन

मुरादाबाद, 21 मई (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मडल में वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक महेश यादव ने गुरुवार शाम को बताया कि लेखपाल मुख्य लिखित परीक्षा के मद्देनज़र परीक्षार्थियों के सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन को सुनिश्चित करने हेतु मुरादाबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर विशेष प्रबंध किए गए ।

सीनियर डीसीएम में यादव के अनुसार मुरादाबाद रेल मंडल प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं। परीक्षार्थियों के निर्बाध आवागमन के लिए मंडल के स्टेशनों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम द्वारा लगातार निगरानी रखी गई। इसके अतिरिक्त कंट्रोल रूम द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशनों एवं ट्रेनों की निरंतर मॉनिटरिंग की गई,रेलवे सुरक्षा बल , जीआरपी द्वारा निरंतर स्टेशनों, गाड़ियों ,फुटओवर ब्रिज, रेल लाइनों की निगरानी की गयी। जिससे भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जा सके।

अधिक भीड़ की स्थिति से निपटने एवं यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत मुरादाबाद एवं बिजनौर स्टेशनों पर अतिरिक्त रैक की व्यवस्था भी की गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर नियमित ट्रेनों के साथ अतिरिक्त कोच अथवा विशेष गाड़ी का तत्काल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

इसी क्रम में परीक्षार्थियों की यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज को दोपहर 3 बजे बरेली से सीतापुर सिटी के लिए एक विशेष गाड़ी संख्या 04326 का संचालन किया गया। जिसका इस रेल मार्ग में पिताम्बरपुर, तिलहर, शाहजहांपुर, रोज़ा, मैगलगंज में ठहराव दिए गए।

मुरादाबाद मंडल यात्रियों एवं परीक्षार्थियों की सुरक्षित, सहज एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी आवश्यकतानुसार इस प्रकार की व्यवस्थाएँ जारी रखने के लिए निरंतर तत्पर है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story