श्रीबांकेबिहारी के समक्ष आधी रात को कटेगा 21 किलो का विशेष केक, मंगला आरती की मचेगी धूम

WhatsApp Channel Join Now
श्रीबांकेबिहारी के समक्ष आधी रात को कटेगा 21 किलो का विशेष केक, मंगला आरती की मचेगी धूम


मथुरा, 04 सितंबर (हि.स.)।

विश्व प्रसिद्ध श्रीबांकेबिहारी मंदिर में इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बेहद खास और ऐतिहासिक अंदाज में मनाया जाएगा। आराध्य के जन्मोत्सव को और अधिक भव्य बनाने के लिए इस बार आधी रात को ठाकुरजी के समक्ष विशेष रूप से तैयार 21 किलो का केक अर्पित किया जाएगा और मंदिर के सेवायत गोस्वामियों द्वारा इसे काटा जाएगा।

ठाकुरजी के लिए यह विशेष केक आगरा की 'ब्रज रसायन' फर्म द्वारा तैयार कराया जा रहा है, जिसका ऑर्डर एक माह पहले ही दे दिया गया था। इस केक को पूरी तरह से सात्विक तरीके से बनाया जा रहा है, जिसमें सभी प्रकार की मेवा और पाग में उपयोग होने वाली शुद्ध खाद्य वस्तुओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। सेवायत फ्रेंकी गोस्वामी ने बताया कि आधी रात को ठाकुरजी के समक्ष केक अर्पित करने और काटने के बाद इसे भक्तों में प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा।

पंचामृत महाभिषेक और अलौकिक शृंगार

जन्माष्टमी की मध्य रात्रि को गर्भगृह का पर्दा लगाकर ठाकुरजी का पंचामृत, केसर और उत्तराखंड की पहाड़ियों से मंगाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों से भव्य महाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद प्रभु को नवीन पोशाक धारण कराई जाएगी। बाल रूप में ठाकुरजी का अत्यंत मनोहारी शृंगार किया जाएगा, जिसमें उनके सिर पर विशेष रूप से मोरपंखी मुकुट सजाया जाएगा।

31 साल बाद मिला मंगला आरती का सौभाग्य

इस बार का जन्मोत्सव सेवायत परिवार के लिए भी विशेष महत्व रखता है। सेवायत फ्रेंकी गोस्वामी ने जानकारी दी कि उनके परिवार को पूरे 31 साल के लंबे अंतराल के बाद ठाकुरजी की साल में एक बार होने वाली दुर्लभ मंगला आरती करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यही कारण है कि इस बार के उत्सव में विशेष उत्साह और भव्यता देखने को मिल रही है। सभी धार्मिक अनुष्ठानों और शृंगार के पश्चात रात्रि 1:55 बजे वर्ष की एकमात्र मंगला आरती संपन्न होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story