प्रयागराज से इंदौर और उधना के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
-संगमनगरी से महाकाल की नगरी एवं डायमंड सिटी तक का सफर हुआ आसान
प्रयागराज, 06 जून (हि.स)। उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए और आगामी दिनों में यात्रियों की बढ़ती संख्या के दृष्टिगत दो जोड़ी नई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इससे यात्रियों के आवागमन में सुविधा होगी।
वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने शनिवार को बताया कि ये ट्रेनें संगम की धरती प्रयागराज को प्रसिद्ध देवी अहिल्याबाई की नगरी व महाकाल कॉरिडोर के पास बसे इंदौर और कपड़ा और हीरा उद्योग के गढ़ उधना (सूरत) से सीधे जोड़ेंगी।
इसके अंतर्गत गाड़ी सं. 04169-04170 सूबेदारगंज-इंदौर-सूबेदारगंज द्विसाप्ताहिक विशेष ट्रेन में गाड़ी 04169 सूबेदारगंज से प्रत्येक शुक्रवार एवं सोमवार 15 जून से 28 सितम्बर तक 31 फेरे लेगी। गाड़ी 04170 इंदौर से प्रत्येक शनिवार एवं मंगलवार 16 जून से 29 सितम्बर तक 31 फेरे लेगी। इस गाड़ी संरचना में एसएलआरडी 02, सामान्य 08, स्लीपर 08, एसी तृतीय 01 सहित 19 डिब्बे होंगे।
इसी प्रकार गाड़ी सं 04105-04106 प्रयागराज-उधना-प्रयागराज विशेष गाड़ी 04105 प्रयागराज से प्रत्येक गुरुवार एवं रविवार 11 जून से 30 जुलाई तक 15 फेरे तथा गाड़ी 04106 उधना से प्रत्येक शुक्रवार एवं सोमवार 12 जून से 31 जुलाई तक 15 फेरे लेगी। इस गाड़ी संरचना में एसएलआरडी 02, सामान्य 08, स्लीपर 09, एसी तृतीय 04, एसी द्वितीय 01 सहित 24 डिब्बे होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

