उत्तर प्रदेश की जनता महंगाई व भ्रष्टाचार से है परेशान, बदलाव का बना चुकी है मन : नरेश उत्तम पटेल

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश की जनता महंगाई व भ्रष्टाचार से है परेशान, बदलाव का बना चुकी है मन : नरेश उत्तम पटेल


फतेहपुर, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार को आयोजित समाजवादी पार्टी के सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद नरेश उत्तम पटेल व विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री व सांसद आर.के. चौधरी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने की तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं बिंदकी प्रभारी सुरिजपाल रावत ने किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल शिक्षा व्यवस्था से परेशान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों, युवाओं, पिछड़ों और शोषित वर्ग की आवाज उठाती रही है तथा आने वाले समय में जनता बदलाव का मन बना चुकी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय नेतृत्व के संदेश को पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष और सेक्टर प्रभारी संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं और उन्हीं की मेहनत से पार्टी चुनाव में सफलता हासिल होगी।

इस अवसर पर पूर्व सांसद डॉ. अशोक पटेल, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजकुमार मौर्य, राष्ट्रीय प्रवक्ता जगदीश सिंह जालिम, दीपमाला पटेल, अयोध्या के पूर्व विधायक जयशंकर पांडे, संतोष द्विवेदी, रामऔतार सोनकर, प्रभात शुक्ला, रामकिशोर प्रजापति, राजेश सिंह, कुमारी रत्नेश रत्ना, कांति सिंह, सत्य स्वरूप यादव, अर्जुन सिंह यादव, शिव भोले सिंह, जितेंद्र कुमार, वीरेंद्र सिंह, बाबू सिंह, सुरेश दिवाकर, शंभू दयाल, महेंद्र विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story