सपा कार्यकर्ताओं ने किया पीडीए जनपंचायत का आयोजन, भाजपा पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
सपा कार्यकर्ताओं ने किया पीडीए जनपंचायत का आयोजन, भाजपा पर साधा निशाना


मीरजापुर, 21 सितंबर (हि.स.)। जमालपुर क्षेत्र के रघुनाथपुर सरैया गांव में रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पीडीए जनपंचायत का आयोजन किया। इस जनपंचायत में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करते हुए सपा नेताओं ने मिशन 2027 को सफल बनाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे चुनार के पूर्व विधायक जगतंबा सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार जनता के भरोसे पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है और भाजपा का चाल, चरित्र व चेहरा लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए और जनता के सहयोग से सपा की सरकार बनना तय है।

जनपंचायत की अध्यक्षता कर रहे चुनार विधानसभा अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने कहा कि स्नातक एमएलसी चुनाव में फिर से सपा की जीत होगी। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से हो रहे चुनावों में भाजपा लगातार पराजय का सामना कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन 2027 में जी-जान से जुटने का आह्वान किया और कहा कि सपा सरकार बनने पर जातिगत जनगणना कराई जाएगी।

कार्यक्रम में ब्लाॅक अध्यक्ष दिनेश यादव, वीरेंद्र प्रताप यादव, उमाशंकर यादव, विजय कुमार सिंह, प्रभु नारायण सिंह, रमाकांत चौबे, सूर्यकांत सिंह, राजीव पटेल, लालचंद यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन मोहित यादव ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story