सांसद के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर भड़के सपा कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
सांसद के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर भड़के सपा कार्यकर्ता


मुकदमा दर्ज करने के लिए दी तहरीर

हमीरपुर, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा क्षेत्र में राजनीतिक पारा उस समय गरमा गया जब समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भाजपा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा नेता ने हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद अजेंद्र सिंह राजपूत के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी है।

जानकारी के अनुसार, मुस्करा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोकुल प्रसाद विधानसभा अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी ने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर स्थानीय पुलिस को एक लिखित शिकायती पत्र सौंपा है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि हमीरपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने एक सार्वजनिक स्थल पर सांसद अजेंद्र सिंह राजपूत के विरुद्ध बेहद अशोभनीय और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि सांसद को घर में घुसकर मारने की धमकी भी दी। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस घटना से क्षेत्र की जनता और समाजवादी पार्टी के लाखों समर्थकों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।

घटना के विरोध में भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि अभद्र टिप्पणी करने वाले नेता के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए। मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। तहरीर देने वालों में मुख्य रूप से गोकुल प्रसाद पुत्र गया प्रसाद राजपूत, मानवेंद्र सिंह यादव ब्लॉक अध्यक्ष मुस्करा, विपिन यादव जिला अध्यक्ष यादव महासभा, मनप्यारे निषाद जिला उपाध्यक्ष, पुष्पेन्द्र द्विवेदी जिला सचिव, बिपिन राजपूत सांसद प्रतिनिधि जयदीप द्विवेदी ब्लॉक महामंत्री, भगवान सिंह राजपूत जिला सचिव, कमलेश कुशवाहा नगर अध्यक्ष मुस्करा विकास सिंह राजपूत जिला सचिव, सूर्य प्रकाश द्विवेदी जिला सचिव, सुघर सिंह राजपूत, सुनील श्रीवास्तव, बबलू कुशवाहा, अशोक तिवारी सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story