गोलघर गणेश चौक पर एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव का निरीक्षण, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
गोलघर गणेश चौक पर एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव का निरीक्षण, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश


गोरखपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र गोलघर स्थित गणेश चौक पर पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव ने अपने सहयोगियों के साथ पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक को सुचारू एवं व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक ने देखा कि चौराहे पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से ट्रैफिक कर्मियों को सक्रियता बढ़ाने, अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने खासतौर पर ई-रिक्शा और ठेला चालकों को निर्धारित स्थान पर ही खड़े होने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि मुख्य मार्ग पर बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही आम जनता से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

इस दौरान टीआई मनोज राय सहित अन्य यातायात पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्था को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

एसपी ट्रैफिक ने कहा कि शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार अभियान चलाकर जागरूकता एवं सख्ती दोनों पर काम किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story