महंगाई के विरोध में 12 जून को काला दिवस मनाएगी सपा : हाजी फजल महमूद

WhatsApp Channel Join Now
महंगाई के विरोध में 12 जून को काला दिवस मनाएगी सपा : हाजी फजल महमूद


कानपुर, 09 जून (हि.स.)। महंगाई के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी महानगर इकाई ने 12 जून को काला दिवस मनाने का निर्णय लिया है। सपा कार्यकर्ता शहर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और वार्डों में काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। यह जानकारी मंगलवार को सपा महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने नवीन मार्केट स्थित सपा कार्यालय में आयोजित बैठक में दी।

बैठक को संबोधित करते हुए हाजी फजल महमूद ने कहा कि दाल, आटा और खाद्य तेल समेत रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरसों तेल के नाम पर पाम ऑयल ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि गोविंद नगर, आर्य नगर, सीसामऊ, कैंट और किदवई नगर विधानसभा क्षेत्रों के 78 वार्डों में सपा कार्यकर्ता महंगाई के विरोध में काला फीता बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। सपा नेताओं ने बैठक में बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे आम लोगों की क्रय शक्ति प्रभावित हो रही है।

हाजी फजल महमूद ने कहा कि पार्टी महंगाई से जुड़े मुद्दों और जनता की समस्याओं का आकलन कर अपनी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजेगी, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक में प्रदेश सचिव केके शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, महासचिव संजय सिंह, बंटी सेंगर, नंदलाल जायसवाल, रजत मिश्रा, विनय गुप्ता, राजू अंसारी समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story