सपा मनाएगी निषादराज व अंबेडकर जयंती

WhatsApp Channel Join Now
सपा मनाएगी निषादराज व अंबेडकर जयंती


सपा मनाएगी निषादराज व अंबेडकर जयंती


जौनपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी द्वारा भगवान निषादराज और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती इस वर्ष भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया है। यह घोषणा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने सदर चुंगी पार्टी कार्यालय में शनिवार को आयोजित मासिक बैठक के दौरान की।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार भगवान निषादराज की जयंती जनपद की प्रत्येक विधानसभा में समारोहपूर्वक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भी पूरे जिले में व्यापक स्तर पर मनाई जाएगी। कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 10 अप्रैल को मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद सभी विधानसभा अध्यक्ष उसकी गहन समीक्षा करेंगे। किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

बैठक को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्रीराम यादव, पूर्व विधायक लालबहादुर, श्रद्धा यादव, पूर्व प्रदेश सचिव कलीम अहमद समेत कई नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राजबहादुर यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story