तीन सीटों पर लड़ने का दम नहीं और 403 सीटों की बात करते हैं अखिलेश : प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
तीन सीटों पर लड़ने का दम नहीं और 403 सीटों की बात करते हैं अखिलेश : प्रकाश पाल


कानपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी अपनी पुरानी राजनीतिक छवि से बचने के लिए पीडीए का सहारा ले रही है। राज्यसभा चुनाव में तीन सीटों पर चुनाव लड़ने का साहस नहीं दिखाने वाले अखिलेश यादव विधानसभा की सभी 403 सीटों पर जीत का दावा कर रहे हैं। जनता उनके बयानों और राजनीतिक दावों के बीच का अंतर समझ रही है। यह बातें नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने रविवार को नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कही।

प्रकाश पाल ने कहा कि कानपुर की धरती से उन्होंने 1980 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक(आरएसएस) के रूप में कार्य शुरू किया था। वर्ष 1988 में संघ प्रचारक के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। इसी धरती से उन्हें संगठन, राष्ट्रसेवा और जनसेवा की प्रेरणा मिली। आगे भी उनका संकल्प राष्ट्रहित और संगठन की मजबूती के लिए काम करना है। उन्होंने देशवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं।

उन्होंने तथाकथित कॉकरोच जनता पार्टी का जिक्र करते हुए कहा कि उसका न तो कोई ठोस स्वरूप है और न ही प्रभावी संगठनात्मक आधार। ऐसे राजनीतिक प्रयोग लोकतंत्र का मजाक बनाने का काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे समूहों की आड़ में इंडी गठबंधन देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करना चाहता है।

प्रकाश पाल ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करना और उनकी विश्वसनीयता कमजोर करने का प्रयास उचित नहीं है। सभी राजनीतिक दलों को लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने आंदोलन के दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मुद्दा उठाया। कहा कि सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके तौर-तरीकों से देश में अस्थिरता का माहौल बनता है और इससे विदेशी शक्तियों को लाभ पहुंचने की आशंका पैदा होती है।

उन्होंने कहा कि देश का युवा जागरूक है और राजनीतिक दलों के बयानों, आचरण तथा उनकी मंशा पर नजर रखता है। लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का होता है, जो राष्ट्रहित, विकास और स्थिरता के आधार पर अपना मत निर्धारित करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ जनता के बीच लगातार काम करते रहेंगे।

प्रेस वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित और शिवराम सिंह मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story