चुनाव आयोग के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, संयुक्त रुप से कई दलाें ने निकाला पैदल मार्च
कानपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर में गुरुवार को चुनाव आयोग के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने पहले प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। इसके बाद विपक्षी गठबंधन के आह्वान पर कांग्रेस समेत अन्य दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कंपनी बाग स्थित नाना राव पार्क से पैदल मार्च निकालकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताया। दोनों प्रदर्शनों में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर नाराजगी जताई गई और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई गई।
सपा के प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष फजल महमूद के साथ विधायक अमिताभ बाजपेयी और विधायक हसन रूमी शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और कथित अनियमितताओं को दूर करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर’ के नारे भी लगाए। इसके बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एसआईआर प्रक्रिया में सामने आ रही आपत्तियों और शिकायतों पर गंभीरता से विचार करने तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि यह केवल क्षेत्रीय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय मुद्दा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी इस मुद्दे पर मजबूती से लड़ाई लड़ेगी और आंदोलन को अंत तक जारी रखा जाएगा।
इसके बाद विपक्षी गठबंधन के आह्वान पर कांग्रेस समेत अन्य दलों के नेता और कार्यकर्ता कंपनी बाग स्थित नाना राव पार्क में जुटे। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। यहां कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसआईआर में कथित गड़बड़ियों का विरोध किया और पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मुखौटा लगाकर उनके प्रतीकात्मक रूप को बेड़ियां पहनाई गईं।
विपक्षी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव जरूरी हैं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई और प्राथमिकी की आशंकाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

