सपा और पीडीए मिलकर 2027 में बनाएगी सरकार, घबराई हुई है भाजपा : शिवपाल यादव
कानपुर, 28 मार्च (हि.स.)। सपा और पीडीए मिलकर 2027 में सरकार बनाएंगे, जिसे लेकर भाजपा पूरी तरह घबराई हुई है। भाजपा केवल पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है और प्रदेश व देश की जनता को गुमराह किया जा रहा है। भाजपा ने अब तक सिर्फ लूट का काम किया है, जिसका जवाब जनता आगामी चुनाव में देगी। यह बातें शनिवार को होली-ईद मिलन समारोह में पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहीं।
कानपुर के चुन्नीगंज स्थित जीआईसी ग्राउंड में सपा विधायक नसीम सोलंकी द्वारा होली-ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और जौनपुर की मछलीशहर सीट से विधायक डॉ. रागिनी सोनकर शामिल रहीं। इस दौरान विधायक नसीम सोलंकी ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया।
पत्रकारों से बातचीत में शिवपाल यादव ने कहा कि यदि देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है तो जनता को लाइनों में क्यों लगना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर एलपीजी गैस समय पर उपलब्ध कराई जा रही है, तो गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें क्यों दिखाई दे रही हैं। इससे स्पष्ट है कि सरकार अपने दावों पर खरी नहीं उतर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार के इसी मुखौटे को उजागर करने के लिए समाजवादी पार्टी पीडीए के साथ मिलकर आगामी चुनाव में उतर रही है। अब समय आ गया है कि जनता भाजपा की नीतियों का जवाब दे और बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

