सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता की टिप्पणी से ब्राह्मण समाज में उबाल, गाजियाबाद में दर्ज हुआ मुकदमा
नोएडा/गाजियाबाद, 12 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के ब्राह्मण समाज पर की गई टिप्पणी से समाज में उबाल आ गया है। ब्राह्मण समाज ने मंगलवार को नाराजगी जताते हुए 15 मई को महापंचायत बुलाई है। गाजियाबाद के कविनगर थाने में केस भी दर्ज कराया गया है। वहीं, मामला बढ़ता देखकर राजकुमार भाटी ने इस मामले में बिना शर्त माफी मांग ली है।
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने पांच मई को दिल्ली के जवाहर भवन में 'जाति और साम्प्रदायिकता के विषाणु' नाम की एक पुस्तक के लोकार्पण कार्यक्रम में भाषण दिया था। इसी दौरान उनपर ब्राह्मणों पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप है। राजकुमार भाटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर नाराजगी व्यक्त की जा रही। इस मामले में दादरी के ब्रह्मपुरी में मंगलवार को ब्राह्मण समाज की बैठक आयोजित की गई। इसमें सपा नेता के बयान पर आक्रोश व्यक्त किया गया। साथ ही शुक्रवार को शाम चार बजे भगवान परशुराम धर्मशाला में महापंचायत बुलाने का फैसला लिया गया। ब्राह्मण नेता पंडित पीताम्बर शर्मा ने कहा कि समाज को बांटने और एक वर्ग विशेष को अपमानित करने वाली राजनीति ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। महापंचायत में सर्व समाज के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। समाज को आपस में लड़ाकर राजनीति चमकाने वालों को दादरी की जनता लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।
वही सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि कार्यक्रम में उन्होंने 12 मिनट का भाषण दिया था, जिसमें वह कहावतों का जिक्र कर रहे थे। इसका सिर्फ 30 सेकंड का वीडियो साजिश के तहत वायरल किया गया है। उनकी छवि धूमिल करने और बेवजह बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा। वह ब्राह्मण समाज का सम्मान करते हैं।
इस मामले मे गाजियाबाद के भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा की शिकायत पर कविनगर पुलिस ने सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ आज मुकदमा दर्ज किया है। उनपर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्यता फैलाने का आरोप लगाया गया है। अजय शर्मा ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में बताया कि भाटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ अमर्यादित और अशोभनीय टिप्पणी की। उन्होंने ब्राह्मण समाज की तुलना अनैतिक कार्य करने वाली महिलाओं से करते हुए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। इससे ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज में वैमनस्य व टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

