दिशा की बैठक में सपा विधायकों ने लगाया भेदभाव का आरोप, बोले- विपक्ष की बातों पर नहीं होता अमल

WhatsApp Channel Join Now
दिशा की बैठक में सपा विधायकों ने लगाया भेदभाव का आरोप, बोले- विपक्ष की बातों पर नहीं होता अमल


दिशा की बैठक में सपा विधायकों ने लगाया भेदभाव का आरोप, बोले- विपक्ष की बातों पर नहीं होता अमल


जौनपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान सपा विधायकों ने भेदभाव और अनदेखी का आरोप लगाया। मल्हनी विधायक लकी यादव और मछलीशहर विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि बैठक में सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों की बातें सुनी जाती हैं, जबकि विपक्ष के विधायकों के प्रस्तावों और समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता।सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता तथा सांसद प्रिया सरोज और राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी की सह-अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद लकी यादव ने आरोप लगाया कि बैठक महज कोरम पूरा करने तक सीमित रह गई है। पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई।उन्होंने एक ही गेट के निर्माण के लिए विधायक निधि से दो प्रस्ताव मंजूर होने पर सवाल उठाया। बताया कि सिकरारा में मुलायम सिंह यादव के नाम से बनने वाले गेट के लिए उनका प्रस्ताव और एमएलसी बृजेश सिंह का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ, लेकिन गेट उनके प्रस्ताव के बजाय एमएलसी के नाम से बन रहा है। इस पर अधिकारियों से जवाब भी नहीं मिला। उन्होंने अंबेडकर पार्कों के आवंटन में भी भेदभाव का आरोप लगाया। वहीं, डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि विपक्षी विधायकों के प्रस्तावों पर कोई काम नहीं हो रहा है। पिछली बैठक में स्वीकृत कार्य भी लंबित हैं। उन्होंने एक ही द्वार के लिए दो विधायकों को प्रस्ताव आवंटित किए जाने पर सवाल उठाए।बैठक में बिजली के जर्जर तार बदलने, स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे तार हटाने, किसानों को समय से खाद-बीज उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य केंद्रों पर सांप और कुत्ते के काटने के इंजेक्शन रखने तथा तहसीलों में डायलिसिस सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, जल जीवन मिशन और पशु टीकाकरण की भी समीक्षा हुई।हौज टोल प्लाजा पर जाम की समस्या पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने अधिकारियों को विकास कार्य समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने और लापरवाही पर जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story