साउथ इंडियन भोग के साथ गैस सिलेंडर मूल्य वृद्धि के विरोध में सपा नेताओं ने किया अनोखा प्रदर्शन


वाराणसी, 08 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू गैस सिलेंडर के मूल्य वृद्धि के विरोध में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक अनूठे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा के नेतृत्व में यह प्रदर्शन वाराणसी में हुआ, जिसमें गैस सिलेंडर की टंकी को फूलों से सजाया गया और सिलेंडर के सामने महंगाई डायन का तैल चित्र भी बनाया गया।
इसके बाद, कार्यकर्ताओं ने भोग स्वरूप दक्षिण भारतीय व्यंजन जैसे मसाला डोसा, इडली-सांभर और बड़ा का भोग अर्पित किया। महिलाओं ने अगरबत्ती से पूजा अर्चना कर गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान विष्णु शर्मा ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कमल के फूल वाली सरकार का महंगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है। लगातार गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि कर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ कुठाराघात किया जा रहा है। महंगाई की मार सबसे ज्यादा गृहिणियों पर पड़ रही है।
इस विरोध प्रदर्शन में शुभम सेठ 'गोलू', जीशान अंसारी, विकास श्रीवास्तव, मोनू गुप्ता, वैभव शर्मा, मनोज विश्वकर्मा समेत कई अन्य कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी