मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि, 2027 में सरकार बनाने का लिया संकल्प
जौनपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती रविवार को जिला कार्यालय पर मनाई गई। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विचार गोष्ठी आयोजित कर उनके राजनीतिक जीवन, संघर्ष और समाजवादी विचारधारा को याद किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उनकी नीतियों और विचारों में सामाजिक न्याय तथा समानता को विशेष स्थान प्राप्त था।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों, किसानों और मजदूरों के हितों के लिए हमेशा संघर्ष किया। किसान उनके राजनीतिक चिंतन के केंद्र में रहे। किसानों को उपज का उचित मूल्य, युवाओं को रोजगार और समाज के सभी वर्गों को बराबरी का अधिकार दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल था।
उन्होंने कहा कि नेताजी के विचार और संघर्ष समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। गोष्ठी में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके बताए रास्ते पर चलने तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

