देवरिया : जनहित के मुद्दों को लेकर सपा नेता विजय रावत भूख हड़ताल पर बैठे, मांगें पूरी होने तक आंदोलन का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : जनहित के मुद्दों को लेकर सपा नेता विजय रावत भूख हड़ताल पर बैठे, मांगें पूरी होने तक आंदोलन का ऐलान


देवरिया, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बरहज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा)के नेता विजय रावत ने मंगलवार को बरहज स्थित काली मंदिर परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि जब तक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

भूख हड़ताल के दौरान विजय रावत ने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में बरहज विधानसभा विकास से कोसों दूर रही है। बरहज-सोनूघाट मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है, लेकिन आज तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को रोजाना दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

विजय रावत ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। लगातार बिजली कटौती और तकनीकी खराबियों से आम जनता परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया जाए।

उन्होंने मोहन सेतु के निर्माण के लिए शीघ्र धन आवंटित करने तथा परसिया-विशुनपुर से देवरिया तक कटान रोकने के लिए स्थायी प्रबंध किए जाने की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि यदि समय रहते कटान नहीं रोका गया तो बड़ी आबादी प्रभावित हो सकती है।

सपा नेता ने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री का बरहज दौरा केवल चुनावी घोषणा तक सीमित रहा और क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने प्रशासन से जनहित में तत्काल कार्रवाई करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो भूख हड़ताल लगातार जारी रहेगी।

इस अवसर पर विकास यादव, अनरूद यादव, उपेंद्र सिंह, फरेंद यादव, भृंगू यादव, छेदी कुमार, रामराज, इस्लाम, गंगा यादव, मुमताज, दुर्गेश, दुर्गेश गौड़, भोला गौड़ सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story