सपा का प्रतिनिधि मंडल बोला विजय सिंह के साथ अन्याय
फर्रुखाबाद ,24 मार्च (हि.स.)। 17 मार्च को समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुए विस्फोट के मामले में मंगलवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा। इस घटना में उनके दोनों बेटों समेत कुल छह लोग घायल हुए थे। पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। सपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को आवास सील मिला और वहां परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने आसपास के दुकानदारों से घटना की जानकारी ली।
सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने बताया कि विस्फोट में घायल दोनों बेटों का इलाज लखनऊ में चल रहा है और उनकी पत्नी भी वहीं मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना पूरी जांच किए ही मुकदमा दर्ज कर लिया और घर को सील कर दिया, जिससे परिवार को कपड़े और जरूरी सामान लेने में भी दिक्कत हो रही है। उन्होंने इसे अन्याय बताते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी।
इस दौरान लोकसभा प्रत्याशी रहे डॉ. नवल किशोर शाक्य ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि जिस घर में विस्फोट हुआ, वहां के दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पहले उनके इलाज की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए थी, उसके बाद कार्रवाई करनी चाहिए थी। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और कहा कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, जमालुद्दीन सिद्दीकी, प्रदेश सचिव डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, कायमगंज विधानसभा प्रत्याशी व प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर, महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष बृजेश पाल, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र शाक्य, जिला सचिव विनीत परमार और समाजवादी छात्रसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल यादव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

