मजदूरों के अधिकार, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के लिए सपा मजदूर सभा ने रखा रोडमैप

WhatsApp Channel Join Now
मजदूरों के अधिकार, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के लिए सपा मजदूर सभा ने रखा रोडमैप


पूर्व एमएलसी शशांक यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, ओमप्रकाश राजभर के बयान पर भी कसा तंज

जौनपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) एवं समाजवादी मजदूर सभा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को मजदूरों, कामगारों और श्रमिकों के अधिकारों एवं सम्मान को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें पूर्व एमएलसी शशांक यादव ने मजदूरों के हितों के लिए समाजवादी पार्टी का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियों पर निशाना साधा।

शशांक यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण मजदूरों, कामगारों और गरीब परिवारों का जीवन लगातार कठिन होता जा रहा है। समाजवादी पार्टी मजदूरों के सम्मान, अधिकार, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर न्यूनतम वेतन का स्थायी निर्धारण, रोजगार की गारंटी और संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

उन्होंने मजदूरों के लिए राशन, आवास, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था, मनरेगा में रोजगार की गारंटी तथा छोटे उद्योगों और कामगारों को आर्थिक सहायता देने को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके श्रम और योगदान के बिना राष्ट्र का विकास संभव नहीं है।

इस दौरान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बयान पर भी उन्होंने तंज कसा। शशांक यादव ने कहा कि जब सरकार में शामिल लोग खुद को गुंडा बता रहे हैं और गुंडागर्दी खत्म करने की बात कर रहे हैं, तो इसका जवाब क्या दिया जाए। उन्होंने कहा कि जाे भाजपा सरकार गुंडागर्दी का आराेप समाजवादी पार्टी पर लगाती रही है, वह ओम प्रकाश राजभर के बयान से खुद साबित होती है।

लखीमपुर खीरी में एमएलसी चुनाव को लेकर राजभर के बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पढ़े-लिखे लोगों का चुनाव है और बाकी जनता उनके साथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में मजदूरों, किसानों, नौजवानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के हितों की अनदेखी हो रही है। समाजवादी पार्टी इनके अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखेगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771743 Articles

Share this story