बाराबंकी : घाघरा घाट पर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू, सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन मुस्तैद
बाराबंकी, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के तहसील रामनगर क्षेत्र के घाघरा घाट स्थित एल्गिन ब्रिज संजय सेतु के निकट मंगलवार दोपहर दो बजे से मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया। विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचीं 98 दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए। इसके अलावा बाराबंकी शहर सहित जिले के अन्य क्षेत्रों से भी ट्रकों के माध्यम से देवी प्रतिमाएं विसर्जन के लिए घाट पर पहुंचीं। प्रशासन के अनुसार, रामनगर तहसील की 98 प्रतिमाओं के अतिरिक्त जिले के अन्य क्षेत्रों से करीब 12 प्रतिमाएं और पहुंचने की संभावना थी।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज के गांवों से भक्त ढोल-नगाड़ों और मां दुर्गा के जयकारों के बीच प्रतिमाएं लेकर पहुंचे। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल रहा। विसर्जन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
एसडीएम के निर्देश पर तैनात रही प्रशासनिक टीम
विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता के निर्देश पर तहसील प्रशासन सक्रिय रहा। तहसीलदार विपुल सिंह के साथ राजस्व विभाग के कर्मचारी, मेडिकल टीम और पुलिस बल मौके पर तैनात रहे। अधिकारियों की निगरानी में विसर्जन की प्रक्रिया संचालित कराई गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसपी ने किया सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। रामनगर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्था संभालते रहे। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे तक 22 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका था।
इस दौरान पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, अमित अवस्थी, प्रधान राजेश अवस्थी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रवेश कुमार शुक्ला, ग्राम प्रधान सुशील यादव, आमीन प्रदीप सिंह, लेखपाल संघ अध्यक्ष चंदन रावत, संजय मिश्रा, विवेक सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के प्रयास जारी रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

