पांच औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहन के वितरण संबंधी प्रस्तावों को मिली मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
पांच औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहन के वितरण संबंधी प्रस्तावों को मिली मंजूरी


लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति-2012 के अंतर्गत औद्योगिक इकाइयों को विशेष सुविधाएं एवं रियायतें प्रदान किए जाने के संबंध में गठित एम्पावर्ड कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नीति के प्रावधानों के अंतर्गत पांच औद्योगिक इकाइयों को अनुमन्य अवधि के लिए वित्तीय प्रोत्साहन वितरित किए जाने संबंधी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृति प्राप्त करने वाली औद्योगिक इकाइयों में मेसर्स वरुण बेवरेजेज लिमिटेड, मेसर्स पसवारा पेपर्स लिमिटेड, मेसर्स सैमसंग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स गैलेंट इस्पात लिमिटेड तथा मेसर्स एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड शामिल हैं।

इस निर्णय से प्रदेश में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन देने, उद्योगों के विकास को गति प्रदान करने तथा रोजगार सृजन के अनुकूल वातावरण को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। बैठक में प्रमुख सचिव राज्य कर कामिनी रतन चौहान, प्रमुख सचिव एमएसएमई शशि भूषण लाल सुशील, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, इन्वेस्ट यूपी विजय किरण आनंद, सचिव नियोजन डॉ. राज शेखर, विशेष सचिव न्याय मनमीत सूरी, विशेष सचिव एमएसएमई शिशिर तथा प्रबंध निदेशक, पिकप चंद्र विजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769592 Articles

Share this story